रायपुर । विकास और आधुनिकता के बीच अपनी माटी, अपने लोगों और संस्कृति से जुड़ाव ही छत्तीसगढ़ की खास पहचान है। इसी सहजता और अपनत्व की झलक मंगलवार को नवा रायपुर के सेक्टर-22 स्थित चंदूलाल चंद्राकर चौक के पास देखने को मिली।
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने अम्मा की रसोई में जमीन पर बैठकर अपनों के साथ देसी भोजन का आनंद लिया। इस दौरान माहौल पूरी तरह घरेलू और आत्मीय नजर आया। बिना किसी औपचारिकता के उन्होंने लोगों के साथ बातचीत की और हंसी-ठिठोली के बीच पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया।
देसी भोजन का आनंद लेते हुए श्री चौधरी ने कहा कि जमीन पर बैठकर, अपने हाथों से देसी भोजन का स्वाद लेना और अपनों के साथ खुशियां बांटना हमारी संस्कृति की असली पहचान है। उन्होंने कहा कि विकास और आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों, माटी और परंपराओं से जुड़े रहना भी बेहद जरूरी है।
मंत्री श्री चौधरी का यह सहज अंदाज आधुनिक नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की सादगी और आत्मीयता का संदेश देता नजर आया। माटी की खुशबू, देसी स्वाद और अपनों का साथ छत्तीसगढ़ की उस जीवनशैली को दर्शाता है, जिसमें सादगी और अपनापन आज भी कायम है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल एवं अधोसंरचना विकास के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव भी उपस्थित रहे।