रायपुर । खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा गरियाबंद जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने सोमवार को कलेक्टर सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अवैध रेत उत्खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
खनिज विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि रेत, मुरुम, पत्थर सहित अन्य गौण खनिजों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए तथा नियमित जांच और कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश
मंत्री बघेल ने राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए खाता विभाजन, नामांतरण, सीमांकन, बंदोबस्त त्रुटि सुधार, न्यायालयीन प्रकरण, डायवर्सन और लंबित एनओसी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
आवास योजनाओं और आजीविका पर विशेष जोर
ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमिहीन परिवारों के आवास निर्माण की नियमित निगरानी और व्यक्तिगत शौचालयों का शत-प्रतिशत निर्माण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अधिक से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने हेतु ब्लॉक स्तर पर बड़े कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। साथ ही बैंक ऋण उपलब्ध कराकर महिलाओं को उनकी रुचि के अनुरूप आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।
गुणवत्तापूर्ण निर्माण और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी पर जोर
मंत्री बघेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला, ब्लॉक और पंचायत स्तर पर आयोजित सभी शासकीय कार्यक्रमों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से दी जाए तथा विभागीय सामग्री का वितरण भी उनकी उपस्थिति में किया जाए।
उन्होंने हस्तशिल्प, मसाला प्रसंस्करण, मुर्गी पालन, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा उनके लिए बाजार उपलब्ध कराने पर भी बल दिया।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्माणाधीन सड़कों, भवनों और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में राजिम विधायक रोहित साहू, कलेक्टर बी.एस. उइके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, वनमंडलाधिकारी शशिगानंदन के., जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।