हिंदी ओलंपियाड में इंटरनेशनल रैंक-1, CBSE में 98.6% अंक; बैकुंठपुर के सूर्यांश ने बढ़ाया जिले का मान

बैकुंठपुर। कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी कक्षा 10वीं के मेधावी छात्र सूर्यांश पांडेय ने शिक्षा, ओलंपियाड और संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने विद्यालय, परिवार और जिले का गौरव बढ़ाया है। सेंट जोसेफ स्कूल के छात्र सूर्यांश ने सत्र 2025-26 में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया है।

हिंदी ओलंपियाड में इंटरनेशनल रैंक-1

सिल्वरज़ोन ओलंपियाड फाउंडेशन द्वारा आयोजित अखिल भारतीय हिंदी ओलंपियाड में सूर्यांश ने 100 में से 100 अंक प्राप्त कर इंटरनेशनल रैंक-1 हासिल की। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में कई देशों के हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया था, जिसमें सूर्यांश ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

CBSE बोर्ड में 98.6 प्रतिशत अंक

ओलंपियाड के साथ-साथ सूर्यांश ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं बोर्ड परीक्षा में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 98.6 प्रतिशत अंक हासिल किए। उनकी इस उपलब्धि की स्कूल और जिले में सराहना हो रही है।

विज्ञान, अंग्रेजी और सामाजिक विज्ञान में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन

सूर्यांश केवल हिंदी ही नहीं, बल्कि विज्ञान, अंग्रेजी और सामाजिक अध्ययन जैसे विषयों में भी आयोजित ओलंपियाड प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने इस वर्ष विभिन्न विषयों में कुल 8 पदक अपने नाम किए हैं।

संगीत में भी दिखाई प्रतिभा

पढ़ाई के साथ-साथ सूर्यांश ने संगीत के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। वे शिक्षा और कला दोनों को समान महत्व देते हुए निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं।

स्कूल ने किया सम्मानित

सेंट जोसेफ स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने सूर्यांश को उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि उनकी सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।

अपनी उपलब्धियों का श्रेय सूर्यांश ने अपनी माता प्रियंका पांडेय, पिता अमरेश पांडेय, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपने निरंतर परिश्रम को दिया है। उनकी सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनकर सामने आई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *