रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और सेवा संकल्प यात्रा युवाओं को सेवा, सामाजिक सरोकार तथा राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का माध्यम बन रही है।
राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘सेवा संकल्प यात्रा एवं युवा संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय शामिल हुए। उन्होंने गुजरात के वडनगर से यात्रा कर रायपुर पहुंचे बाइक राइडर्स के साथ ही बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से आए बाइक राइडर्स का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वडनगर से शुरू हुई यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि से उनकी कर्मभूमि वाराणसी तक सेवा और सामाजिक जागरूकता का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। यात्रा में शामिल युवा स्वच्छता, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को लेकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।