रायपुर । एशियन गेम्स-2026 में भारतीय महिला खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और स्वर्णिम उपलब्धियों पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री साय ने महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में एशियन रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाली नीरू ढांडा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि नीरू ढांडा ने प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारत का मान बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने 4×400 मीटर महिला रिले स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य किरण पहल, पूवम्मा मचेत्तिरा, प्राची और विथ्या रामराज को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, गति और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया और तिरंगे का गौरव बढ़ाया।
बेटियों के सामर्थ्य और आत्मविश्वास का प्रतीक उपलब्धि
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि एशियन गेम्स में भारतीय महिला खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन उनके असीम सामर्थ्य और आत्मविश्वास को दर्शाता है। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भारतीय महिला खिलाड़ी लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता देश की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उनकी उपलब्धियां बेटियों को खेल के क्षेत्र में बड़े सपने देखने और मेहनत एवं लगन के साथ उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित करेंगी।
मुख्यमंत्री ने सभी स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत का गौरव बढ़ाती रहेंगी।