माटीकला बोर्ड अध्यक्ष और कलेक्टर ने किया रनपुर का निरीक्षण, विकास कार्यों को मिली रफ्तार

जशपुर  | माटीकला बोर्ड अध्यक्ष और कलेक्टर ने किया रनपुर का निरीक्षण, विकास कार्यों को मिली रफ्तारछत्तीसगढ़ माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती और कलेक्टर रोहित व्यास ने ग्राम रनपुर का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शासकीय संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि ग्राम स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुव्यवस्थित बाजार व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और गांव को स्वच्छ एवं आदर्श बनाने में सहयोग की अपील की।

निरीक्षण की शुरुआत रनपुर हाईस्कूल परिसर से हुई, जहां कलेक्टर ने विद्यालय की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और खेल मैदान की सुविधा मिल सकेगी।

इसके बाद बाजारडांड का निरीक्षण करते हुए प्रशासन ने बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने, सामुदायिक शौचालय की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और पंचायत दुकानों से किराया वसूली को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। एसडीएम को बाजार क्षेत्र का सीमांकन कर पर्याप्त स्थान सुनिश्चित करने को कहा गया।

कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर ओपीडी, आईपीडी, दवा वितरण, पीएनसी कक्ष और वार्डों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संस्थागत प्रसव बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार और सुविधाओं की जानकारी भी ली गई। चिकित्सकों को अस्पताल परिसर में निवास कर जिम्मेदारीपूर्वक सेवाएं देने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पशु औषधालय और आयुर्वेदिक केंद्र का भी अवलोकन किया गया। पशु उपचार, टीकाकरण और दवा वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक अटेंडेंस प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए गए। आयुर्वेदिक केंद्र में ओपीडी, दवाओं की उपलब्धता और स्टाफ उपस्थिति की भी समीक्षा की गई।

इस अवसर पर सरपंच, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *