दलहन आत्मनिर्भरता मिशन को गति, जीपीएम जिले में जिला स्तरीय संचालन समिति गठित

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही  | जिले में दलहन आत्मनिर्भरता मिशन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय संचालन समिति का गठन किया गया है। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह समिति छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग के निर्देशानुसार गठित की गई है।

समिति में कलेक्टर को अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं संयुक्त कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, प्रगतिशील कृषक आधार सिंह सहित विभिन्न विभागों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

समिति में स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों और बैंकिंग क्षेत्र के अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। समिति के सचिव के रूप में उप संचालक कृषि एवं प्रोजेक्ट डायरेक्टर सत्यजीत सिंह कंवर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

समिति का मुख्य उद्देश्य जिले में दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कार्ययोजना तैयार करना, स्वीकृत योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना तथा विभागीय गतिविधियों की सतत निगरानी करना होगा। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से जिले में दलहन उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल होगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *