बेलसोंगा जलाशय के गेट सुधार से मजबूत होगी सिंचाई व्यवस्था, किसानों को मिलेगा समय पर पानी

जशपुर  |  जिले के बेलसोंगा जलाशय के गेट की मरम्मत से क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को नई मजबूती मिलने जा रही है। जलाशय के सुचारू संचालन से किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा, जिससे फसल उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में भी सुधार होगा।

कलेक्टर रोहित व्यास ने बेलसोंगा जलाशय का निरीक्षण कर इसकी वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान छत्तीसगढ़ माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान शंभूनाथ चक्रवर्ती ने बताया कि जलाशय में सामान्यतः पर्याप्त जल भराव रहता है, जिससे आसपास के क्षेत्रों का भू-जल स्तर संतुलित बना रहता है। उन्होंने कहा कि जल प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जलाशय के गेट की मरम्मत आवश्यक है।

कलेक्टर रोहित व्यास ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेट मरम्मत के लिए शीघ्र कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे किसानों को जल्द लाभ मिलेगा।

प्रशासन का मानना है कि गेट सुधार के बाद जल संरक्षण और जल प्रबंधन व्यवस्था बेहतर होगी। किसानों को आवश्यकता के अनुसार समय पर पानी उपलब्ध हो सकेगा, जिससे फसलें सुरक्षित रहेंगी और कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

बेलसोंगा जलाशय के सुधार कार्य को क्षेत्र के कृषि विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है |

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *