ममता साहू ने ‘एआई एवं भविष्य का भारत’ विषय पर भाषण में हासिल किया प्रथम स्थान

जैजैपुर। शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में जैजैपुर की छात्रा ममता साहू ने ‘एआई एवं भविष्य का भारत’ विषय पर प्रभावशाली भाषण देकर प्रथम स्थान हासिल किया। उनके ओजस्वी भाषण और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति की निर्णायकों सहित उपस्थित लोगों ने सराहना की।

अपने भाषण में ममता साहू ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) अब केवल तकनीक नहीं, बल्कि भविष्य के भारत की महत्वपूर्ण ताकत बन चुका है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में एआई क्रांतिकारी बदलाव ला रहा है। उन्होंने कहा कि आज एआई सीखने वाले युवा भविष्य में भारत का नेतृत्व करेंगे।

उन्होंने युवाओं की क्षमता पर जोर देते हुए कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। युवा एआई, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप और नवाचार से जुड़कर भारत को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में ममता साहू को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर बधाई दी।

ममता साहू धरोहर निशुल्क कोचिंग क्लासेस, जैजैपुर की छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि से कोचिंग संस्थान और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। संस्थान ने इसे गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब उनके विद्यार्थी विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं। उम्मीद जताई गई कि विद्यार्थी भविष्य में भी सफलता के नए मुकाम हासिल करेंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *