तिल्दा नेवरा। कर्मचारी भवन तिल्दा में पेंशनरों के लिए पुस्तकालय की शुरुआत की गई। पिछले माह की गई घोषणा को मूर्त रूप देते हुए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं संस्कृत विद्वान डॉ. उमाशंकर तिवारी ने 475 पुस्तकों और 5,100 रुपये के सहयोग के साथ पुस्तकालय का शुभारंभ किया। कार्यक्रम समाजसेवी हीरानंद हरिरामानी और भारतीय स्टेट बैंक नेवरा शाखा के प्रबंधक राजीव रंजन के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ तहसील शाखा तिल्दा के महासचिव अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि पुस्तकालय में धार्मिक, सामाजिक और ऐतिहासिक पुस्तकों के साथ रामायण, महाभारत, भगवद्गीता सहित अनेक प्रसिद्ध लेखकों, उपन्यासकारों और रचनाकारों की पुस्तकें उपलब्ध हैं।
मुख्य अतिथि हीरानंद हरिरामानी ने कहा कि कर्मचारी भवन में प्रबुद्ध पेंशनरों के लिए यह पुस्तकालय अत्यंत लाभकारी साबित होगा। उन्होंने अपनी कविता के माध्यम से इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, एसबीआई नेवरा शाखा प्रबंधक राजीव रंजन ने कहा कि तिल्दा के पेंशनरों की पेंशन से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए वे प्रतिबद्ध हैं।

कार्यक्रम में श्रीरामचरितमानस के सुंदरकांड का सस्वर पाठ गोपाल प्रसाद वर्मा एवं उनकी रामायण पार्टी द्वारा किया गया। इसके साथ ही अगस्त माह में जन्मदिन वाले पेंशनर साथियों का जन्मदिन समारोह भी मनाया गया। उन्हें गुलाल लगाकर, मुंह मीठा कराकर और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रघुनंदन लाल वर्मा, रामावतार पाण्डेय, उमाशंकर तिवारी, सुरेश कुमार शर्मा, शिवकुमार भारद्वाज, नरेंद्र कुमार वर्मा, रामकुमार वर्मा, बलीराम यादव सहित बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय गोपाल वर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी, जिसके बाद कार्यक्रम का समापन हुआ।
