राजस्व मंत्री की बड़ी पहल, बलौदाबाजार-सिमगा के 17 गांवों में बनेंगे मुक्तिधाम शेड सह प्रतीक्षालय

रायपुर । ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने बलौदाबाजार और सिमगा विकासखंडों के 17 गांवों में मुक्तिधाम शेड सह प्रतीक्षालय निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी है। इन कार्यों के लिए कुल 97.92 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई है। प्रत्येक गांव में 5.76 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य कराया जाएगा।

राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास और प्रत्येक नागरिक तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुक्तिधाम में शेड और प्रतीक्षालय की सुविधा नहीं होने के कारण अंतिम संस्कार एवं अंतिम क्रियाकर्म के दौरान ग्रामीणों को विशेषकर बारिश और भीषण गर्मी में काफी परेशानी होती थी। इन निर्माण कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर और सम्मानजनक सुविधा उपलब्ध होगी।

सिमगा विकासखंड के इन गांवों को मिलेगा लाभ

सिमगा विकासखंड के बिटकुली, बासीन (खैरवारी), धोबनीडीह (बुडगहन) और अमेरी (कसहीडीह) में मुक्तिधाम शेड सह प्रतीक्षालय का निर्माण किया जाएगा।

बलौदाबाजार विकासखंड में भी स्वीकृत हुए कार्य

बलौदाबाजार विकासखंड के ढनढनी (खैरवारडीह), करमनडीह, मगरचबा (खैरघटा), लिमाही (गोड़खपरी), भरुवाडीह (पौसरी/चांपा एवं ढाबाडीह), भाठागांव-स, रसेड़ा, शुक्लाभाठा (सोनपुर), चौरटी (चौरटी एवं अचानकपुर), ढाबाडीह, अचनाकपुर, झोंका और सेमराडीह में निर्माण कार्य होंगे।

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि सरकार ग्रामीण अधोसंरचना के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

ग्रामीणों में खुशी

17 गांवों में मुक्तिधाम शेड सह प्रतीक्षालय निर्माण की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मंत्री श्री टंक राम वर्मा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इन सुविधाओं के निर्माण से बारिश और गर्मी के दौरान अंतिम संस्कार के समय होने वाली परेशानियों से स्थायी राहत मिलेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *