आस्था की रेल से अयोध्या रवाना हुए 850 श्रद्धालु, रामलला के साथ काशी विश्वनाथ के करेंगे दर्शन

रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन की श्री रामलला दर्शन योजना के तहत रायपुर रेलवे स्टेशन से 850 श्रद्धालुओं को लेकर विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। ट्रेन को कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ट्रेन के रवाना होने से पहले रायपुर रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भक्ति गीतों और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से स्टेशन परिसर भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु रामध्वज लेकर अयोध्या धाम में रामलला के दर्शन के लिए उत्साह के साथ रवाना हुए।

50 हजार से अधिक श्रद्धालु कर चुके रामलला के दर्शन

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित श्री रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। राज्य सरकार की यह पहल प्रदेशवासियों की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक भावनाओं को सम्मान देने के साथ पात्र श्रद्धालुओं को प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध करा रही है।

छत्तीसगढ़ का भगवान श्रीराम से विशेष सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंध रहा है। वनवास काल से जुड़ी प्रदेश की स्मृतियों के बीच अयोध्या धाम की यह यात्रा श्रद्धालुओं को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ रही है।

अयोध्या के साथ काशी विश्वनाथ के भी होंगे दर्शन

विशेष ट्रेन से रवाना हुए श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में श्री रामलला के दर्शन के साथ वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन का भी अवसर मिलेगा। एक ही यात्रा में अयोध्या और काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।

पर्यटन मंडल और आईआरसीटीसी ने की व्यवस्थाएं

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और आईआरसीटीसी द्वारा यात्रा की व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा के दौरान भोजन एवं नाश्ता, आवास, स्थानीय आवागमन, तीर्थस्थलों के दर्शन और आवश्यक मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं के लिए भी संबंधित कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल यात्रियों के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, जबकि आईआरसीटीसी द्वारा रेल यात्रा, ठहरने और भोजन से संबंधित व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित किया गया है।

श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

अयोध्या रवाना होने वाले श्रद्धालुओं ने राज्य सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि रामलला के दर्शन की वर्षों पुरानी इच्छा अब पूरी होने जा रही है। श्रद्धालुओं ने कहा कि सरकार द्वारा यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के साथ काशी विश्वनाथ के दर्शन का अवसर भी दिया गया है, जिससे यह यात्रा और अधिक विशेष हो गई है।

इस अवसर पर खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, अभनपुर विधायक श्री इंद्र कुमार साहू, रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरेंद्र मिश्रा, पर्यटन विभाग के प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य, श्री सौमिल रंजन चौबे, रायपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार विश्वरंजन सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से विशेष ट्रेनों के जरिए श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम की यात्रा कराए जाने से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। 850 श्रद्धालुओं की यह यात्रा छत्तीसगढ़ की आस्था, संस्कृति और भगवान श्रीराम के प्रति गहरे जुड़ाव का प्रतीक बनी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *