जीवन दीप समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, मंत्री दयालदास बघेल ने दिए सुधार के निर्देश

सूरजपुर । खाद्य मंत्री एवं सूरजपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयालदास बघेल की अध्यक्षता में आज जिला संयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में जीवन दीप समिति की साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आमजन को बेहतर और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने समिति के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। इसके बाद उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग, जनसमुदाय की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा अस्पतालों की व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया।

अस्पतालों की व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर जोर

बैठक में जिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्य, मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा, अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन एवं कार्य अवधि में वृद्धि सहित अन्य आवश्यकताओं पर भी विचार किया गया।

विभिन्न एजेंडों पर चर्चा के बाद आवश्यक कार्यों को पूरा करने और स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कई प्रस्ताव पारित किए गए।

चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश

खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाया जाए। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार योग्य कर्मचारियों को अनुमोदन प्राप्त कर कार्य पर रखने के निर्देश भी दिए।

मंत्री ने चिकित्सकों की अस्पतालों में नियमित उपस्थिति और निर्धारित समय-सीमा के पालन को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने शासकीय चिकित्सकों को जिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा निजी प्रैक्टिस से दूर रहने की हिदायत दी।

मौसमी बीमारियों की दवाइयां पर्याप्त मात्रा में रखने के निर्देश

श्री बघेल ने अधिकारियों को मौसमी बीमारियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक परेशानी न हो और अस्पतालों में आवश्यक सुविधाएं एवं दवाइयां समय पर उपलब्ध रहें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं जीवन दीप समिति के संबंधित सदस्य उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *