मुंगेली। जिले में शिक्षा व्यवस्था में सुधार और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी श्री एल.पी. डाहिरे ने विभिन्न स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई विद्यालय निर्धारित समय से पहले बंद मिले, जिसके बाद संबंधित शिक्षकों और संस्था प्रमुखों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में किए गए निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला केसली, पूर्व माध्यमिक शाला टेढ़ाधौरा और हाई स्कूल टेढ़ाधौरा निर्धारित समय से पहले बंद पाए गए।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि स्कूलों में न तो शिक्षण कार्य संचालित हो रहा था और न ही शिक्षक एवं संस्था प्रमुख उपस्थित थे। इस लापरवाही को जिला शिक्षा अधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए संबंधितों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों और संस्था प्रमुखों का संबंधित दिवस का वेतन काटा जाएगा। साथ ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में समय पर उपस्थिति और नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों के हित से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।