मुंगेली। सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारत सरकार के निर्देशानुसार 29 जून से 06 जुलाई 2026 तक देशभर में ‘सहकारी सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में मुंगेली जिले में भी सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने और ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन में जिले में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, किसान संगोष्ठी, स्वास्थ्य शिविर, सहकारिता सम्मेलन, जागरूकता कार्यक्रम और हितधारक संवाद जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
सहकारी सप्ताह के पहले दिन 29 जून को जिले की सभी प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स), दुग्ध एवं मत्स्य सहकारी समितियों में सहकारी ध्वजारोहण, सहकारिता शपथ और स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में 30 जून को दुग्ध एवं मत्स्य सहकारी समितियों की सदस्यों की आय वृद्धि में भूमिका पर चर्चा होगी। वहीं 1 जुलाई को कृषक संगोष्ठियों के माध्यम से जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, नैनो यूरिया, नैनो डीएपी और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
02 जुलाई को पैक्स स्तर पर स्वच्छता अभियान के साथ किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, रूपे केसीसी कार्ड और बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। 03 जुलाई को वृक्षारोपण और जल संरक्षण अभियान चलाया जाएगा।
04 जुलाई को जिला स्तर पर सहकारिता संगोष्ठी आयोजित होगी, जबकि 05 जुलाई को युवाओं और आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘सहकार संकल्प दौड़’ आयोजित की जाएगी।
सप्ताह के अंतिम दिन 06 जुलाई को प्राथमिक सहकारी समितियों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे और उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को ‘सहकारी प्रेरणा पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा।
सहकारिता विभाग ने किसानों, दुग्ध उत्पादकों, मत्स्य पालकों, स्वयं सहायता समूहों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से कार्यक्रमों में शामिल होकर ‘सहकार से समृद्धि’ के अभियान को सफल बनाने की अपील की है।