ट्विशा शर्मा मौत मामले पर फूटा खुशबू पाटनी का गुस्सा, बोलीं- “मरना नहीं, मारना है”

भोपाल | एक्ट्रेस और मिस पुणे रह चुकीं ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले ने अब बड़ा रूप ले लिया है। 12 मई को भोपाल स्थित घर में मृत पाई गईं ट्विशा के परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले पर अब अभिनेत्री दिशा पाटनी की बहन और पूर्व सेना अधिकारी खुशबू पाटनी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है।

खुशबू पाटनी ने सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट साझा करते हुए दहेज प्रथा और पारिवारिक दबाव पर नाराजगी जताई। उन्होंने लड़कियों से अपील करते हुए लिखा, “अगर सब कुछ दहेज के लिए ही है तो शादी से इनकार कर दीजिए। लीगल लड़ाई लड़िए। मरना नहीं, मारना है।”

उन्होंने आगे कहा कि कई मामलों में सिर्फ ससुराल वाले ही नहीं, बल्कि चुप रहने वाले माता-पिता भी जिम्मेदार होते हैं। खुशबू ने लिखा कि बेटियां अक्सर अपनी परेशानी परिवार को बताती हैं, लेकिन उन्हें “एडजस्ट करने” की सलाह देकर वापस उसी माहौल में भेज दिया जाता है।

एक वीडियो संदेश में खुशबू ने दहेज के मुद्दे पर समाज को भी कठोर संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हर साल हजारों लड़कियां दहेज के कारण जान गंवा रही हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं को “गोल्ड डिगर” मानसिकता से दूर रहने की सलाह दी।

खुशबू ने कहा, “अगर आपके पास घर या जिम्मेदारी उठाने की क्षमता नहीं है, तो शादी मत कीजिए। किसी और के माता-पिता की कमाई पर निर्भर होकर रिश्ता मत बनाइए।”

ट्विशा शर्मा की मौत के बाद सोशल मीडिया पर दहेज प्रथा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *