कॉमनवेल्थ गेम्स में छत्तीसगढ़ की बेटी का कमाल, ज्ञानेश्वरी यादव को मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई

रायपुर |  कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की खिलाड़ी एवं छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) ज्ञानेश्वरी यादव को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉल के माध्यम से बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी की इस उपलब्धि को वर्षों की कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताते हुए कहा कि उन्होंने न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर भारत और प्रदेश का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बातचीत के दौरान कहा कि प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले भी उनसे मुलाकात हुई थी और अब उनकी सफलता पर दोबारा बातचीत कर उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं विश्व मंच पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

इस अवसर पर ज्ञानेश्वरी यादव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के स्नेह, प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का आशीर्वाद और प्रदेशवासियों का समर्थन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

उल्लेखनीय है कि राजनांदगांव निवासी ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। खेल और सेवा, दोनों क्षेत्रों में उनका समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जाता है। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक जीतकर उन्होंने भारत और छत्तीसगढ़ दोनों का गौरव बढ़ाया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *