दुर्ग में हाईटेक गांजा तस्करी फेल, कार के छिपे चेंबर से 14.5 किलो बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार के दरवाजों में बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाए जा रहे 14.5 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

बरामद गांजे की कीमत करीब 7 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपियों ने ओडिशा से गांजा लाकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में सप्लाई करने के लिए कार में बेहद चालाकी से छिपा रखा था, लेकिन तेज गंध के कारण उनका यह तरीका फेल हो गया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक क्रेटा कार में अवैध गांजा ओडिशा से रायपुर-महासमुंद होते हुए दुर्ग लाया जा रहा है। इसके बाद कुम्हारी ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका गया। जांच के दौरान कार से गांजे की तेज गंध आने पर पुलिस ने तलाशी ली, जिसमें दरवाजों के अंदर बनाए गए गुप्त चेंबर से पैकेट बरामद हुए।

पूछताछ में मुख्य आरोपी ने कबूल किया कि वह ओडिशा के कंधमाल क्षेत्र से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर छत्तीसगढ़ में ऊंचे दामों पर बेचता था। उसके साथ एक स्थानीय खरीदार को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *