अटलांटिक महासागर | अटलांटिक महासागर में सफर कर रहे ‘MV हॉन्डियस’ क्रूज शिप पर फैले हंतावायरस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। जहाज पर अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 लोग संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमितों में दो भारतीय क्रू सदस्य भी शामिल हैं, जिन्हें स्पेन पहुंचने के बाद जहाज से उतारकर नीदरलैंड्स भेज दिया गया है।
स्पेन स्थित भारतीय दूतावास ने जानकारी दी कि WHO और स्पेनिश स्वास्थ्य अधिकारियों के प्रोटोकॉल के तहत दोनों भारतीय नागरिकों को सुरक्षित रूप से क्वारंटाइन में रखा जाएगा।
23 देशों के 147 लोग थे सवार
‘MV हॉन्डियस’ क्रूज शिप 1 अप्रैल 2026 को अर्जेंटीना के उशुअइया से रवाना हुआ था। जहाज अटलांटिक महासागर के दूरदराज इलाकों में यात्रा कर रहा था, जहां मेडिकल सुविधाएं बेहद सीमित थीं। जहाज पर 23 देशों के कुल 147 यात्री और क्रू सदस्य मौजूद थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 6 अप्रैल के आसपास एक डच यात्री को बुखार और थकान की शिकायत हुई थी। शुरुआत में सामान्य वायरल संक्रमण समझकर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन बाद में उसकी हालत बिगड़ गई और सांस लेने में दिक्कत के बाद 11 अप्रैल को उसकी मौत हो गई।
कुछ दिनों बाद उसकी पत्नी भी संक्रमित हो गई और उसने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद जहाज पर कई अन्य लोग बीमार पड़ने लगे। 2 मई को जर्मनी के एक यात्री की भी मौत हो गई। जांच में पुष्टि हुई कि जहाज पर हंतावायरस फैल चुका है।
क्या है हंतावायरस?
हंतावायरस एक दुर्लभ लेकिन खतरनाक वायरस है, जो आमतौर पर संक्रमित चूहों और कृन्तकों के संपर्क से फैलता है। यह वायरस गंभीर बुखार, सांस लेने में दिक्कत और फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारी पैदा कर सकता है। गंभीर मामलों में यह जानलेवा भी साबित होता है।
WHO की निगरानी में मामला
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार 6 मई तक हंतावायरस संक्रमण के कुल 8 मामले सामने आए, जिनमें 3 की लैब में पुष्टि हो चुकी है। सभी यात्रियों को अब स्पेन के कैनरी द्वीप समूह में उतार दिया गया है और स्वास्थ्य जांच जारी है।