विशेष पिछड़ी जनजातियों के बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने पर राज्यपाल रमेन डेका का जोर

रायपुर। राज्यपाल  रमेन डेका ने विशेष पिछड़ी जनजातियों के बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में होना चाहिए।

राज्यपाल  डेका से आज लोक भवन में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने राज्य के विशेष पिछड़ी जनजाति बहुल क्षेत्रों में शिक्षा की स्थिति, उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं और मौजूदा चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।

राज्यपाल ने निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए ठोस और त्वरित कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़ी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाना चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से छात्रावास सुविधाओं के विस्तार, विद्यालयीन अधोसंरचना के सुधार और शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया। राज्यपाल ने कहा कि इन प्रयासों से विशेष पिछड़ी जनजातियों के बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव होगा और वे मुख्यधारा से अधिक प्रभावी रूप से जुड़ सकेंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *