हरियाली बढ़ाने की पहल: राज्यपाल ने कहा- लगाए गए पौधों के संरक्षण पर दें विशेष ध्यान

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने शहर और नया रायपुर में लगाए गए वृक्षों के संरक्षण एवं सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पेड़ों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है।

राज्यपाल  डेका से आज लोक भवन में प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री अरुण कुमार पांडे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, नगर पालिक निगम रायपुर आयुक्त श्री सम्बित मिश्रा, मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त मणिवासगन एस और रायपुर वन मंडल के डीएफओ श्री लोकनाथ पटेल ने मुलाकात की। इस दौरान शहर में हरियाली बढ़ाने और वृक्षों के संरक्षण को लेकर चर्चा हुई।

राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पौधे लगाने के बाद उनकी सुरक्षा, सिंचाई और देखभाल की पूरी व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही वृक्षों की कटाई की अनुमति दी जानी चाहिए।

उन्होंने शहर में बड़े पेड़ों के आसपास लगे ट्री गार्ड हटाने और वृक्षारोपण वाले स्थानों पर पेड़ों के चारों ओर बने कंक्रीट ढांचों को हटाने पर जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि पेड़ों की जड़ों तक पर्याप्त मात्रा में पानी और हवा पहुंचना जरूरी है, तभी पेड़ों का सही विकास संभव हो सकेगा।

राज्यपाल ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी की जाए और उनकी जीवित रहने की दर बढ़ाने के लिए सभी विभाग मिलकर प्रयास करें।

उन्होंने शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने और वृक्षों के संरक्षण को लेकर समन्वित कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *