लोक कलाकारों को मिलेगा आर्थिक सहारा, मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के लिए आवेदन शुरू

रायपुर  |  छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं कलाकारों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 की शुरुआत की है। योजना के तहत प्रदेश के लोक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इस योजना का उद्देश्य पारंपरिक लोक कलाओं को संरक्षित करना, कलाकारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और कला दलों के सतत विकास को बढ़ावा देना है। चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये से 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

इन क्षेत्रों के कलाकार कर सकते हैं आवेदन

योजना के अंतर्गत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीत लेखन, वाद्ययंत्र वादन, शिल्प कला, छत्तीसगढ़ी पारंपरिक पाक कला और छत्तीसगढ़ी सौंदर्य कला से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं।

कलाकारों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन पत्र संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय की वेबसाइट www.cgculture.in से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके अलावा संचालनालय कार्यालय, नया रायपुर से भी आवेदन प्रपत्र प्राप्त किए जा सकते हैं।

चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य

योजना का लाभ लेने के लिए पात्र कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य होगा। चयनित कलाकारों को प्रोत्साहन राशि एक वित्तीय वर्ष में एक बार ई-पेमेंट के माध्यम से दी जाएगी।

योजना के लिए ऐसे कलाकार पात्र होंगे जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं होगी। आवेदन के साथ सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र, बैंक खाता विवरण, आईएफएससी कोड और पैन कार्ड की छायाप्रति जमा करना अनिवार्य है।

31 अगस्त तक भेजे जा सकेंगे आवेदन

कलाकारों को अपना आवेदन संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर, द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर, अटल नगर (छत्तीसगढ़)-492018 के पते पर भेजना होगा।

आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन भेजते समय लिफाफे पर “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026” अंकित करना अनिवार्य होगा।

प्राप्त आवेदनों का परीक्षण समिति द्वारा किया जाएगा और समिति का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा।

लोक संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा

संस्कृति विभाग का कहना है कि यह योजना छत्तीसगढ़ की लोक कला परंपराओं के संरक्षण, कलाकारों के सम्मान और उन्हें आर्थिक मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रदेश के कलाकारों को अपनी कला को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी तक सांस्कृतिक विरासत पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *