फर्जी इलाज का खुलासा: बिना डिग्री मरीज देख रहे थे युवक, पुलिस जांच में जुटी

तखतपुर। छत्तीसगढ़ के तखतपुर क्षेत्र में खुद को डॉक्टर बताकर लोगों का इलाज करने का दावा कर रहे उत्तरप्रदेश के दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों युवक बिना किसी वैध डिग्री के दर्द का इलाज करने का दावा कर रहे थे। पुलिस फिलहाल उनसे पूछताछ कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों को सूचना मिली थी कि कुछ बाहरी युवक इलाके में देशी दवाइयों और विदेशी मशीनों के जरिए दर्द दूर करने का दावा कर रहे हैं। संदेह होने पर स्थानीय युवक मौके पर पहुंचे और उनसे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों युवक खुद को आयुर्वेदिक उपचार से जुड़ा बताते रहे और अपने एक रिश्तेदार को डॉक्टर बताया, लेकिन वे अपने नाम पर कोई वैध मेडिकल दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे की तलाशी ली, जहां से बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां और कुछ संदिग्ध चूर्ण बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि पुलिस पहुंचने से पहले उनका एक साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस दोनों युवकों को थाने लेकर आई, जहां उन्होंने अपना नाम मोहम्मद हकीम अकबर और मोहम्मद जैद बताया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि दोनों युवक झूठा प्रचार कर लोगों को भ्रमित कर रहे थे और बिना डिग्री इलाज कर लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे थे।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और बरामद दवाइयों व उपकरणों की भी जांच कराई जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *