रायपुर। विष्णुदेव साय की तत्परता और संवेदनशील पहल से जशपुर जिले के ग्राम मटासी में बिजली आपूर्ति फिर से सुचारु हो गई है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण गांव करीब 21 घंटे तक अंधेरे में डूबा रहा, जिससे पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो गई थी और भीषण गर्मी में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर विद्युत विभाग की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया और गांव में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।
बिजली बहाल होते ही गांव में फिर से रोशनी लौट आई और पेयजल आपूर्ति भी सामान्य हो गई। लंबे समय से परेशानी झेल रहे ग्रामीणों को इससे बड़ी राहत मिली।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के लिए आभार जताया। उनका कहना है कि समय पर समाधान होने से यह साबित होता है कि राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर है और त्वरित कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
ग्रामीणों ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन-प्रशासन लगातार जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए काम कर रहा है और लोगों की समस्याओं का तेजी से समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।