तिल्दा-नेवरा । सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तिल्दा में दो दिवसीय विभाग स्तरीय कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे 384 भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने कबड्डी और खो-खो में शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का परिचय दिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना रहा।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चंद्रकला वर्मा, अध्यक्ष नगर पालिका तिल्दा-नेवरा उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम में गोपाल चंद्र अग्रवाल, अध्यक्ष डॉ. अंबेडकर बाल कल्याण समिति एवं फाउंडेशन मेंबर, दिलीप शर्मा, फाउंडर मेंबर डॉ. अंबेडकर बाल कल्याण समिति, व्यवस्थापक स्वप्निल श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद सुधा चौबे, दिलीप वर्मा (कोषाध्यक्ष), उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन, जिला सचिव सुरेंद्र नशिने, सदस्य कृष्ण कुमार सोनी, पालक समिति सदस्य मारुति राव, रायपुर विभाग समन्वयक मानिक लाल साहू सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

विद्यालय परिवार ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
आयोजन में स्थानीय प्राचार्य नरेश कुमार साहू एवं खेल प्रभारी गौरी शंकर निर्मलकर सहित विद्यालय के शिक्षकों और आयोजन समिति के सदस्यों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
दो दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। आयोजन ने विद्यार्थियों में खेल भावना, प्रतिस्पर्धात्मक सोच और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।