रायपुर । छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव 25 नवंबर को अपने जन्मदिन के अवसर पर बिलासपुर और मुंगेली जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और विकास संबंधी कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके दौरे की शुरुआत रतनपुर स्थित मां महामाया देवी के दर्शन और पूजा-अर्चना से होगी। वहीं मुंगेली जिले के लोरमी में उनका भव्य नागरिक अभिनंदन एवं जन्मोत्सव समारोह आयोजित किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री श्री साव अपने प्रवास के दौरान देवरहट में कश्यप समाज भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही आयुष्मान आरोग्य केंद्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान कार्यक्रम का निरीक्षण भी करेंगे। लोरमी के मानस मंच में आयोजित समारोह में उनका नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। इसके अलावा वे मुंगेली में आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
रतनपुर में मां महामाया के दर्शन से होगी दौरे की शुरुआत
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव 25 नवंबर को सुबह 8 बजे बिलासपुर से कुदुदंड स्थित तुलजा भवानी मंदिर के पास ‘मातृ छाया’ के लिए रवाना होंगे। सुबह 9 बजे वे रतनपुर पहुंचकर मां महामाया देवी के दर्शन करेंगे और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
इसके बाद सुबह 10:30 बजे कोटा और दोपहर 12 बजे तखतपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दोपहर 1 बजे मुंगेली जिले के बरेला तथा 1:30 बजे जरहागांव में आयोजित कार्यक्रमों में उनकी उपस्थिति रहेगी।
देवरहट में कश्यप समाज भवन का करेंगे उद्घाटन
उप मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे लोरमी के देवरहट स्थित मिडिल स्कूल में आयोजित जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे कश्यप समाज भवन का उद्घाटन करेंगे। साथ ही आयुष्मान आरोग्य केंद्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान कार्यक्रम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
लोरमी में होगा भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह
श्री साव शाम 4:30 बजे देवरहट से लोरमी के लिए रवाना होंगे और शाम 6 बजे लोरमी पहुंचेंगे। शाम 6:30 बजे मानस मंच में आयोजित जन्मोत्सव एवं नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा उनका अभिनंदन किया जाएगा।
इसके बाद शाम 7:30 बजे वे सरदार जी ज्वेलर्स का उद्घाटन करेंगे तथा मानसी इंटरप्राइजेज में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुंगेली के जन्मोत्सव कार्यक्रम में भी होंगे शामिल
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव रात 8:30 बजे मुंगेली के विश्राम गृह मैदान में आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात रात 9:30 बजे मुंगेली से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे और रात 10:30 बजे बिलासपुर पहुंचेंगे।
उप मुख्यमंत्री के इस प्रवास के दौरान धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता, स्वास्थ्य सेवाओं और जनसंपर्क से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। जन्मदिन के अवसर पर बिलासपुर, लोरमी और मुंगेली क्षेत्र में उनके स्वागत एवं अभिनंदन की तैयारियां की गई हैं।