प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मत्था टेककर लिया गुरु साहिब का आशीर्वाद

रायपुर । छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर कवर्धा स्थित गुरुद्वारा पहुंचे। यहां उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित समारोह में शामिल होकर श्रद्धापूर्वक मत्था टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने सिख समाज सहित समस्त प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर गुरु साहिब के दरबार में उपस्थित होकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से संपूर्ण मानवता को सत्य, प्रेम, समानता, सद्भाव और निःस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाया है। उनकी शिक्षाएं किसी एक समाज या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरी मानव जाति के कल्याण के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का संदेश आज भी प्रासंगिक

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ मानव जीवन को सार्थक बनाने की प्रेरणा देता है। यह संदेश हमें ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी से परिश्रम करने और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ साझा करने की सीख देता है।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के आदर्श सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और मानव कल्याण की मजबूत आधारशिला हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, सद्भाव और समानता की भावना को मजबूत किया जा सकता है।

शर्मा ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करना और मानव सेवा के कार्यों में सहभागी बनना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है।

इस अवसर पर गुरुद्वारा में सिख समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ प्रकाश पर्व का आयोजन किया गया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *