रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप छत्तीसगढ़ के शहरों को आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार और रोजगार के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। डबल इंजन सरकार का लक्ष्य शहरों में आधुनिक अधोसंरचना विकसित करने के साथ नागरिकों को बेहतर आवास, स्वच्छ पेयजल, सुगम आवागमन और गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग जिले के नगर पालिक निगम रिसाली में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह में 101 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने रिसाली में पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए 134 करोड़ रुपए, सभी 40 वार्डों में नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपए तथा नेवई और जोरातराई के मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपए देने की घोषणा की।
101 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र में नगर निगम के अंतर्गत 29 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन तथा 39 करोड़ 56 लाख रुपए की लागत के दो कार्यों का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के 28 करोड़ 6 लाख रुपए के एक कार्य और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत 3 करोड़ 84 लाख रुपए के चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इन कार्यों में आजाद मार्केट से प्रगति नगर होते हुए मैत्री कुंज तक 10 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत से नाला निर्माण तथा डीपीएस चौक से जोहार चौक तक 5 करोड़ 59 लाख रुपए की लागत से सड़क विकास कार्य प्रमुख हैं। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 18 में लगभग 1 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से ओवरहेड टैंक का निर्माण किया जाएगा।
मैत्री नगर में उद्यान निर्माण, समतलीकरण, स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट लगाने के लिए लगभग 1 करोड़ 65 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। तालपुरी और रूआबांधा क्षेत्र में 98 लाख रुपए से अधिक, डुंडेरा पश्चिम में 77 लाख रुपए, नेवई भांठा एवं नेवई बस्ती पूर्व में 74 लाख रुपए तथा सक्ती विहार रिसाली में 67 लाख रुपए के विकास कार्य किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना से शहरों को मिल रही नई पहचान
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने शहरों की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना प्रारंभ की है। इसके माध्यम से सड़कों, पेयजल आपूर्ति, जल निकासी, सार्वजनिक परिवहन, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि और पीएम ई-बस सेवा जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं से नगरीय क्षेत्रों में विकास को नई गति मिली है। सरकार का उद्देश्य शहरों को केवल आबादी का केंद्र नहीं, बल्कि उद्योग, व्यापार और रोजगार के अवसरों का प्रमुख केंद्र बनाना है।
रिसाली को पीएम ई-बस सेवा से जोड़ने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में रिसाली नगर निगम क्षेत्र को पीएम ई-बस सेवा से जोड़ा जाएगा। इससे नागरिकों को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि रिसाली के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। विकास कार्यों में सड़क, पेयजल, जल निकासी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, उद्यान और शैक्षणिक अधोसंरचना को प्राथमिकता दी जा रही है।
95 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 95 हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक, सामग्री, प्रशस्ति पत्र और अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए राज्य सरकार गरीबों, महिलाओं और किसानों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख मकानों की व्यवस्था की गई है, जिनमें से 12 लाख आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जा रही है।
उन्होंने धान खरीदी का उल्लेख करते हुए कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में प्रदेश के लगभग 3100 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र भी प्रारंभ किए गए हैं। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है।
रिसाली के विकास में धन की कमी नहीं होगी : अरुण साव
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के अनुरूप नगरीय क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि रिसाली को 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर ने विकास कार्यों की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं और मांगों से उन्हें अवगत कराया।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव, सांसद श्री विजय बघेल, विधायक श्री रिकेश सेन, विभिन्न निगम एवं मंडलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए गांवों और शहरों का संतुलित विकास जरूरी है। राज्य सरकार इसी लक्ष्य के साथ प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।