नई दिल्ली। पाकिस्तान में बैठे कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए भारत में नेटवर्क तैयार करने के कथित मामले का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, ये तीनों कथित तौर पर गैंगस्टर के संपर्क में थे और उसके लिए काम कर रहे थे।
जांच में सामने आया है कि नाबालिगों की पहचान ऑनलाइन गेमिंग के दौरान पंजाब के एक युवक से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और उसी युवक ने उन्हें पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी से जोड़ दिया। इसके बाद सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स के जरिए संपर्क जारी रहा।
हथियार बरामद, नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई पिस्तौल बरामद करने का दावा किया है। शुरुआती जांच के अनुसार, ये हथियार कथित तौर पर गैंगस्टर के नेटवर्क के जरिए नाबालिगों तक पहुंचे थे। अब हथियारों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि इनका इस्तेमाल किसी अपराध में हुआ है या नहीं।
स्पेशल सेल यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और नाबालिगों को किस उद्देश्य से जोड़ा जा रहा था।
ऑनलाइन गेमिंग से शुरू हुआ संपर्क
जांच अधिकारियों के मुताबिक, गैंगस्टर पहले ऑनलाइन गेमिंग के जरिए युवाओं और किशोरों से दोस्ती करता था। विश्वास बनाने के बाद उन्हें छोटे-छोटे काम सौंपे जाते थे और धीरे-धीरे आपराधिक गतिविधियों में शामिल करने की कोशिश की जाती थी।
बताया जा रहा है कि गाजियाबाद का एक नाबालिग ऑनलाइन गेमिंग के दौरान पंजाब के युवक के संपर्क में आया था। बाद में उसने अपने दो अन्य साथियों को भी इस नेटवर्क से जोड़ दिया।
सोशल मीडिया पोस्ट से मिला सुराग
मामले का खुलासा एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हुआ। जांच में पता चला कि एक नाबालिग ने कथित तौर पर हथियार के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। इसी पोस्ट से पुलिस को अहम सुराग मिला और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
पुलिस कर रही डिजिटल नेटवर्क की पड़ताल
स्पेशल सेल अब सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल डेटा और ऑनलाइन गतिविधियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर छोड़े गए छोटे-छोटे सुरागों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। वहीं पंजाब के उस युवक की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिसने कथित तौर पर नाबालिगों को गैंगस्टर से मिलवाया था।