नई दिल्ली। टीवी पत्रकार अंजना ओम कश्यप ने शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर किया है। अंजना ओम कश्यप ने आरोप लगाया है कि खान सर की ओर से उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।
यह मामला 2 करोड़ रुपये के मानहानि दावे से जुड़ा है। याचिका में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मौजूद कथित आपत्तिजनक सामग्री को हटाने की मांग भी की गई है।
हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस
मामले की सुनवाई जस्टिस नीना बंसल कृष्णा की अदालत में हुई। कोर्ट ने फिलहाल कोई अंतरिम आदेश देने से इनकार कर दिया है। अदालत ने खान सर और अन्य पक्षों को अंतरिम राहत संबंधी आवेदन पर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 17 जून को होगी।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत 29 मई 2026 को हुई, जब अंजना ओम कश्यप ने एक टीवी शो में शिक्षा के व्यवसायीकरण और ऑनलाइन “स्टार टीचर्स” के बढ़ते प्रभाव को लेकर टिप्पणी की थी।
इसके बाद खान सर ने सोशल मीडिया पर अंजना ओम कश्यप को लेकर कुछ टिप्पणियां कीं। याचिका में आरोप लगाया गया है कि कई डिजिटल प्लेटफॉर्म, वीडियो और पोस्ट में पत्रकार के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।
परिवार और सुरक्षा को लेकर भी आरोप
याचिका में दावा किया गया है कि कथित टिप्पणियों के बाद उनके परिवार को परेशानी और सुरक्षा संबंधी चिंताओं का सामना करना पड़ा। इसमें यह भी आरोप लगाया गया है कि उनके बच्चे के स्कूल से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक की गई।
कई लोगों को बनाया गया पक्षकार
याचिका में खान सर के अलावा शिक्षक अभिनय शर्मा, बबीता त्यागी और अरविंद भदौरिया समेत कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स और 4PM न्यूज नेटवर्क को भी पक्षकार बनाया गया है।
अब मामले में अगली सुनवाई पर कोर्ट दोनों पक्षों की दलीलें सुनेगा।