206वें दिन भी जारी डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन: दण्डवत् प्रणाम रैली के साथ विधानसभा घेराव की कोशिश, पुलिस ने रोका

रायपुर|  छत्तीसगढ़ में शिक्षक नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे डीएड अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन धरना 206वें दिन भी जारी रहा। अपनी मांगों के समर्थन में अभ्यर्थियों ने नया रायपुर स्थित धरना स्थल से दण्डवत् प्रणाम रैली निकालते हुए विधानसभा घेराव के लिए कूच किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें धरना स्थल के मुख्य गेट पर ही रोक दिया।

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि न्यायालय के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद सरकार 2,300 रिक्त शिक्षक पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं कर रही है। उनका कहना है कि यह केवल अभ्यर्थियों के अधिकारों का ही नहीं, बल्कि न्यायालय के आदेशों की भी अनदेखी है।

आंदोलनकारियों का कहना है कि पिछले 206 दिनों से लगातार धरना और अनशन जारी रहने के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक स्थिति बताया।

अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया कि यदि न्यायालय के आदेशों का भी पालन नहीं किया जा रहा है, तो इससे न्याय व्यवस्था की गरिमा प्रभावित होती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि अदालत के निर्देशों का पालन करते हुए जल्द से जल्द 2,300 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, विधानसभा घेराव की घोषणा को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *