दो साल से भुगतान का इंतजार: विधानसभा घेराव के लिए निकले ठेकेदार, अर्धनग्न प्रदर्शन से सरकार पर बनाया दबाव

रायपुर | छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर एसोसिएशन ने लंबित भुगतान की मांग को लेकर शुक्रवार को विधानसभा घेराव का ऐलान करते हुए विरोध मार्च निकाला। बड़ी संख्या में जुटे ठेकेदारों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कई ठेकेदारों ने शर्ट उतारकर अर्धनग्न प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण वे आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं और सरकार का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित करने के लिए उन्होंने यह कदम उठाया है।

ठेकेदारों का आरोप है कि जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्यों का भुगतान पिछले दो वर्षों से लंबित है। भुगतान अटकने से मजदूरों की मजदूरी, निर्माण सामग्री के भुगतान और बैंक की किस्तों को चुकाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि निर्माण कार्यों की प्रगति के आधार पर किस्तों में भुगतान की व्यवस्था लागू की जाए, ताकि ठेकेदारों पर बढ़ता आर्थिक दबाव कम हो सके और विकास कार्य प्रभावित न हों।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

विधानसभा घेराव को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *