बिलासपुर । जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कड़ार सेवार में वर्षों से बदहाल पड़ी मुख्य सड़क को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर बने पानी से भरे गड्ढों को तालाब का रूप देते हुए कार्यकर्ताओं ने उनमें प्रतीकात्मक रूप से मछली पालन किया और जाल डालकर प्रशासन व जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ग्रामीण वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए और शिकायतें भी की गईं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। इसी उपेक्षा के विरोध में कांग्रेस ने यह सांकेतिक प्रदर्शन कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
कांग्रेस ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।