कोंडागांव। जिले के डीपोपारा स्थित पीएमश्री स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर शुक्रवार को पालकों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज पालकों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति कर शिक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे पालकों का कहना है कि स्कूल में शिक्षकों की कमी का मुद्दा कई बार प्रशासन के सामने उठाया गया और नियमित भर्ती के लिए आवेदन भी दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी के कारण उन्हें विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा।
पालकों के अनुसार, पहली से पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई के लिए स्कूल में केवल दो शिक्षक पदस्थ हैं। इनमें से एक शिक्षिका स्वास्थ्य कारणों से लंबे समय से नियमित रूप से स्कूल नहीं आ रही हैं। ऐसे में पूरे विद्यालय की पढ़ाई का जिम्मा एक ही शिक्षिका पर होने से बच्चों की शिक्षा बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि जिला मुख्यालय स्थित पीएमश्री स्कूल की यह स्थिति है, तो दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य से समझौता नहीं किया जा सकता।
पालकों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक स्कूल में पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की जाती और व्यवस्था में सुधार नहीं होता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।