रायपुर । छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही औद्योगिक दुर्घटनाओं को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ ने औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में तत्काल व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराने और लापरवाही बरतने वाले उद्योग प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक ने आरोप लगाया कि रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक संयंत्रों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुनाफे की होड़ में श्रमिकों की सुरक्षा से समझौता किया जा रहा है और संबंधित विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
ज्ञापन में हाल के कई औद्योगिक हादसों का उल्लेख करते हुए संगठन ने चिंता जताई। ग्राम कन्हेरा स्थित सौरभ (सागर) टीएमटी में भट्टी विस्फोट में कई मजदूरों के गंभीर रूप से झुलसने का मामला उठाया गया। वहीं उरला स्थित थ्री-डी कंपनी में हुए हादसे में तीन मजदूरों की मौत का भी उल्लेख किया गया। संगठन ने रायपुर-बलौदाबाजार क्षेत्र के एक स्टील प्लांट में गर्म राख गिरने से मजदूरों की मौत और सिलतरा स्थित गोदावरी पावर में फर्नेस स्लैग हादसे में श्रमिकों की मौत का मुद्दा भी उठाया।

संयंत्रों में तकनीकी निरीक्षण की मांग
कांग्रेस प्रकोष्ठ ने उरला, सिलतरा और भनपुरी सहित रायपुर जिले के सभी औद्योगिक संयंत्रों में फर्नेस, क्रेन, गैस सिलेंडर और सुरक्षा उपकरणों का विशेषज्ञ टीम से तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले कारखानों और हादसों के लिए जिम्मेदार संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
संगठन ने हादसों में प्रभावित मजदूर परिवारों को उचित मुआवजा तथा घायलों के नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग रखी।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
मोहम्मद सिद्दीक ने चेतावनी दी कि यदि औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग और राज्य सरकार ने श्रमिकों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ मजदूरों को एकजुट कर आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए शासन और प्रशासन जिम्मेदार होगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रकोष्ठ के महासचिव शाहिद खान, सचिव प्रदुम्न शर्मा, अजय दास सन्नी और विजय बाफना सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।