200 फीट लंबे तिरंगे के साथ रायगढ़ में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी के साथ उमड़ा जनसैलाब

रायगढ़ । ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रायगढ़ जिला मुख्यालय में गुरुवार को रिमझिम बारिश के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी यात्रा में शामिल हुए। करीब 200 फीट लंबे विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा में शहर के विभिन्न वर्गों के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों तथा स्कूली और महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बारिश की फुहारों के बीच ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा का जगह-जगह नागरिकों ने स्वागत किया। ओवरब्रिज से पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का अभिनंदन किया गया, वहीं प्रतिभागियों के लिए जूस वितरण की व्यवस्था भी की गई।

नटवर स्कूल से सिदूर पार्क तक निकली यात्रा

तिरंगा यात्रा नटवर स्कूल से प्रारंभ होकर बेटी बचाओ चौक, सुभाष चौक और अग्रसेन चौक होते हुए सिदूर पार्क (इतवारी बाजार) पहुंची। यहां मंचीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति संदेशों वाली तख्तियां लेकर सहभागिता की। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ महतारी, भारत माता, रवींद्रनाथ टैगोर, झांसी की रानी और भगत सिंह जैसे राष्ट्रनायकों के स्वरूप धारण कर आयोजन को आकर्षक बनाया।

बाजे-गाजे और देशभक्ति गीतों के बीच नागरिक कदम से कदम मिलाकर चलते रहे। रिमझिम बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह बना रहा और विशाल तिरंगे के साथ उमड़ा जनसैलाब रायगढ़ में राष्ट्रप्रेम, एकता और जनभागीदारी का संदेश देता नजर आया।

शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन

सिदूर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने देश की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए अपना योगदान देने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने परिसर में स्थापित स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस दौरान उन्होंने जनसंपर्क विभाग द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ और ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ सेल्फी बूथ पर फोटो भी खिंचाई।

युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान

वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर देश का सम्मान लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारत की भूमिका मजबूत हुई है, ऐसे में युवाओं की जिम्मेदारी भी बढ़ी है।

उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

श्री चौधरी ने कहा कि तिरंगा उन वीर जवानों और शहीदों के बलिदान का प्रतीक है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। राष्ट्रध्वज देश की एकता, गौरव और संकल्प का प्रतीक है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं ने कथक सहित विभिन्न सांस्कृतिक और देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और ‘विविधता में एकता’ का संदेश दिया गया।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा की।

9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

रायगढ़ जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, वंदे मातरम्’ रखी गई है। अभियान के तहत नागरिकों को घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक एवं व्यक्तिगत गायन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, खरसिया नगर पालिका अध्यक्ष श्री कमल गर्ग, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *