धमतरी कलेक्ट्रेट में जनदर्शन के दौरान हड़कंप: परिवार संग पहुंचे शख्स ने आत्मदाह की कोशिश, BJP पार्षद पर लगाए आरोप

धमतरी। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति ने पत्नी और दो बच्चों के साथ पहुंचकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, रोहित सोनी नामक व्यक्ति ने मिट्टी तेल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की, लेकिन समय रहते उसे रोक लिया गया और सुरक्षित हिरासत में ले लिया गया।

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि वह पिछले कई दशकों से अपने परिवार के साथ जिस मकान में रह रहा है, वहां उसे स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की ओर से परेशान किया जा रहा है। उसने यह भी दावा किया कि मकान निर्माण के दौरान कुछ लोगों ने उसका काम रुकवा दिया और घर खाली करने का दबाव बनाया गया।

आवेदन में रोहित सोनी ने भाजपा पार्षद निलेश लुनिया और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने आरोप लगाया कि उसे धमकी दी गई और उसके घर तक आने-जाने का रास्ता भी बाधित कर दिया गया।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन से कोई राहत नहीं मिली, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया और परिवार सहित जनदर्शन में पहुंचा।

घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित करते हुए पीड़ित की शिकायत दर्ज कर जांच का आश्वासन दिया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और प्रशासन ने कहा है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *