खैरागढ़ में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: करंट लगाकर जंगली सूअर का शिकार, मांस पकाते चार गिरफ्तार

खैरागढ़। वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गंभीर मामले का खुलासा किया है। आरोप है कि खेत में बिजली का करंट बिछाकर जंगली सूअर का शिकार किया गया और बाद में उसका मांस पकाते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।

मामला ग्राम खुड़मुड़ी का है। वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव में अवैध रूप से वन्यजीव का शिकार किया गया है। सूचना के आधार पर टीम ने तलाशी वारंट के साथ छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान टीम को मौके पर मांस पकाते हुए लोग मिले। पूछताछ में सामने आया कि यह मांस जंगली सूअर का है। जांच में आरोपियों ने बताया कि एक व्यक्ति ने अपने निजी खेत में बिजली का करंट बिछाकर सूअर का शिकार किया था, जिसके बाद मांस को गांव में लाकर पकाया जा रहा था।

वन विभाग ने मौके से जंगली सूअर का मांस, एक बसूला, दो कुल्हाड़ी, एक हंसिया और तीन कड़ाही जब्त की है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें पेखन वर्मा, बुजलाल कंवर, सेवनदास और मेन कुमार शामिल हैं।

सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में उपजेल सलोनी भेज दिया गया है।

खैरागढ़ के डीएफओ पंकज राजपूत ने कहा कि वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *