रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में 60 प्रशिक्षु SI की तैनाती, शहर के अलग-अलग थानों में मिलेगा फील्ड ट्रेनिंग का अनुभव

रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में 60 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों (SI) की तैनाती की गई है। बेसिक ट्रेनिंग पूरी करने के बाद इन अधिकारियों को अब शहर के विभिन्न थानों में व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है। इस संबंध में रायपुर पुलिस कमिश्नर द्वारा आदेश जारी कर विस्तृत सूची भी प्रकाशित की गई है।

जानकारी के अनुसार, इन प्रशिक्षु SI का फील्ड ट्रेनिंग कार्यक्रम 1 जून 2026 से 15 सितंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान उन्हें पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न कार्यों का वास्तविक अनुभव दिया जाएगा।

प्रशिक्षण अवधि में अधिकारियों को बीट व्यवस्था, रात्रि गश्त, सिटी पेट्रोलिंग, मालखाना प्रबंधन, कोर्ट कार्य, अपराध विवेचना, थाना रिकॉर्ड संधारण और जनसुनवाई जैसे महत्वपूर्ण कार्यों से अवगत कराया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें अनुभवी थाना प्रभारियों के साथ काम करने का भी अवसर मिलेगा।

पदस्थापना के अनुसार, सबसे अधिक तीन-तीन प्रशिक्षु SI की तैनाती खम्हारडीह, खमतराई, कबीर नगर, गोलबाजार, मौदहापारा, कोतवाली, सिविल लाइन, टिकरापारा, पंडरी, पुरानी बस्ती, राजेंद्र नगर, डीडी नगर, उरला, तेलीबांधा, आमानाका, आजाद चौक और गंज थानों में की गई है। वहीं गुढ़ियारी, मुजगहन, सरस्वती नगर और देवेंद्र नगर थानों में दो-दो प्रशिक्षु अधिकारियों को भेजा गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह प्रशिक्षण चरण नए SI के करियर की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसमें वे अकादमी में सीखी गई थ्योरी को जमीन पर लागू करना सीखते हैं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये अधिकारी राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

रायपुर कमिश्नरेट में नए SI की तैनाती से थानों के कामकाज में गति आने और पुलिसिंग व्यवस्था के और प्रभावी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *