नई दिल्ली। दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और विजेता खिलाड़ियों को पदक व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली ने एक बार फिर साबित किया है कि वह बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की सफल मेजबानी करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य राजधानी को ग्लोबल स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करना है।
खेलों से मजबूत होता है युवाओं का भविष्य
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता और पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 25 कॉमनवेल्थ देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिससे अंतरराष्ट्रीय सहयोग और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला।
भारतीय टीम को दी बधाई
मुख्यमंत्री ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम को विशेष बधाई दी। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और खेल भावना की सराहना की।
स्कूली छात्रों को भी मिली प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों को प्रतियोगिता देखने के लिए आमंत्रित किया गया, ताकि वे विश्वस्तरीय खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित हों।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
आयोजन से जुड़े लोगों का जताया आभार
मुख्यमंत्री ने कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया, आयोजन समिति, तकनीकी अधिकारियों, स्वयंसेवकों और सुरक्षा एजेंसियों का धन्यवाद किया।
इस दौरान दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद समेत कई खेल अधिकारी, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि और खिलाड़ी मौजूद रहे। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।