रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से सरगुजा जिले के ग्रामीण अंचलों से शैक्षणिक भ्रमण पर आए करीब 50 मेधावी छात्र-छात्राओं ने बुधवार शाम उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। अंबिकापुर क्षेत्र के सात शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय संवाद करते हुए उनके अनुभव, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए अनुशासन, लगन और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान देखा गया सपना और उसे पूरा करने के लिए किया गया परिश्रम जीवन की दिशा तय करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे हमेशा बड़े सपने देखें और उन्हें साकार करने के लिए पूरे मनोयोग से प्रयास करें। कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से जीवन में कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सफलता केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनने तक सीमित नहीं है। आज शिक्षा, विज्ञान, अनुसंधान, खेल, तकनीक, प्रशासन और उद्यमिता समेत हर क्षेत्र में युवाओं के लिए आगे बढ़ने के व्यापक अवसर हैं। प्रत्येक विद्यार्थी में अलग प्रतिभा और रुचि होती है। जरूरी है कि विद्यार्थी अपनी क्षमता को पहचानें, सही लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयास करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार हुआ है। प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के अनेक प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित हुए हैं, जहां युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में नई जिज्ञासा पैदा करने के साथ उनके सपनों को भी नई उड़ान देते हैं।
आईआईएम और ट्रिपल आईटी समेत कई संस्थानों का किया भ्रमण
शैक्षणिक भ्रमण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनकालों, बकिरमा, सुखरी, रामपुर, मेंड्राकला एवं करजी तथा शासकीय सेजेस केशवपुर के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी), ट्राइबल म्यूजियम और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय सहित विभिन्न प्रमुख संस्थानों एवं स्थलों का अवलोकन किया।
विद्यार्थियों ने इन संस्थानों की शैक्षणिक गतिविधियों, अध्ययन की सुविधाओं और भविष्य में उपलब्ध करियर के अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त की। राजधानी और नवा रायपुर के प्रतिष्ठित संस्थानों को करीब से देखने का अनुभव विद्यार्थियों के लिए उत्साह और प्रेरणा से भरपूर रहा।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन व्यक्ति के संपूर्ण जीवन की नींव होता है। जिस प्रकार मजबूत भवन के लिए मजबूत नींव जरूरी है, उसी प्रकार उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, परिश्रम और समय का सदुपयोग आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य को पहचानने, ज्ञान अर्जित करने और व्यक्तित्व निर्माण पर ध्यान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्वविजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पायल सिंह तोमर, शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।