11 दिव्यांगजनों को मिली तिपहिया स्कूटी, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम: अरुण साव

लोरमी । दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत उप मुख्यमंत्री तथा स्थानीय विधायक श्री अरुण साव ने लोरमी के मानस मंच में 11 दिव्यांगजनों को तिपहिया स्कूटी वितरित की। स्कूटी मिलने से हितग्राहियों के लिए आवागमन आसान होने के साथ रोजमर्रा के जरूरी कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भरता भी कम होगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि दिव्यांगजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन के अवसर देना साय सरकार की प्राथमिकता है। तिपहिया स्कूटी केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के लिए आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन का माध्यम बनेगी। उन्होंने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सर्प मित्रों को सुरक्षा किट का वितरण

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव ने सर्प रेस्क्यू कार्य में जुटे सर्प मित्र श्री सुरेश यादव और श्री प्रदीप निषाद को सुरक्षा किट प्रदान की। उन्होंने कहा कि सर्प मित्रों द्वारा विषैले सर्पों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लोगों की जान बचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया जाता है। सुरक्षा किट मिलने से वे स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए और बेहतर तरीके से अपना सेवा कार्य कर सकेंगे।

कार्यक्रम में लोरमी नगर पालिका अध्यक्ष श्री सुजीत वर्मा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती वर्षा सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रत्ना काटले, श्री कोमलगिरी गोस्वामी, श्री राजेंद्र साहू, डॉ. अशोक जायसवाल, श्री दीनानाथ केशरवानी और श्रीमती अंजना दास सहित पार्षदगण, एल्डरमैन एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *