रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में जनसुविधा से जुड़े विकास और निर्माण कार्यों में देरी को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। विकास कार्यों में अनावश्यक लेटलतीफी और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्माणाधीन कार्यों की नियमित निगरानी करने और धीमी गति से चल रहे कार्यों में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर कर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में देरी का सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ता है, इसलिए सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों में विशेष सतर्कता बरती जाए।
खामभाठा पुल मामले पर CM ने ली जानकारी
गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के खामभाठा क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के कारण स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को हो रही परेशानी की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा से फोन पर चर्चा कर पुल निर्माण की स्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने पुल का निर्माण निश्चित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण में अनावश्यक देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब-तलब करने को कहा।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुल का निर्माण पूरा होने तक बच्चों और ग्रामीणों को जोखिम उठाकर आवागमन न करना पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन को तत्काल सुरक्षित और सुगम वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
खुले सरिए और गड्ढों को तत्काल सुरक्षित करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन पुल स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कड़े निर्देश दिए। उन्होंने खुले और खतरनाक तरीके से लगे सरियों को सुरक्षित करने, गहरे गड्ढों को दुरुस्त करने तथा जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग सहित अन्य सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टरों को नियमित निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी जिला कलेक्टरों से कहा कि वे अपने-अपने जिलों में चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करें। कार्यों में आने वाली बाधाओं का तत्काल समाधान किया जाए और निर्माण की गति बढ़ाई जाए।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करना होगा। स्वीकृत विकास कार्यों का लाभ नागरिकों को निर्धारित समय पर मिले, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनसुविधा और नागरिक सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।