बीज निगम को आत्मनिर्भर बनाने की तैयारी तेज, चंद्रहास चंद्राकर ने दिए बीज उत्पादन बढ़ाने और वित्तीय अनुशासन के निर्देश

रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निगम मुख्यालय रायपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर की अध्यक्षता में हुई बैठक में बीज उत्पादन, आत्मनिर्भर दलहन योजना, किसानों एवं सहकारी समितियों के पंजीयन और निगम की वित्तीय स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।

अध्यक्ष ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ समयबद्ध कार्यप्रणाली और वित्तीय अनुशासन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप बीज उत्पादन में तेजी लाने और अधिक से अधिक किसानों को बीज उत्पादन कार्यक्रम से जोड़ने पर जोर दिया।

किसानों का पंजीयन और प्रशिक्षण बढ़ाने के निर्देश

बैठक में साथी पोर्टल पर किसानों और सहकारी समितियों के पंजीयन की प्रगति की समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने पंजीयन प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को बीज उत्पादन की प्रक्रिया और तकनीकी जानकारी देने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण आयोजित करने को भी कहा, ताकि आगामी खरीफ और रबी सीजन में बीज उत्पादन कार्यक्रम सुचारू रूप से संचालित हो सके।

वसूली से वित्तीय स्थिति में सुधार

चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि समयबद्ध कार्यप्रणाली और बकाया राशि की वसूली पर ध्यान देने से निगम की वित्तीय स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने पुराने बीज की राशि की वसूली, कृषक अंश की प्राप्ति और मुख्यालय को भेजे जाने वाले आंकड़ों के सत्यापन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम करते हुए निगम को आर्थिक रूप से और मजबूत बनाने की अपील की।

ई-ऑफिस से लेकर रिकॉर्ड अपडेट तक सख्त निर्देश

प्रबंध संचालक ने सभी बीज प्रबंधकों को शासकीय कार्यों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ई-ऑफिस के माध्यम से कामकाज, एलएस एवं जेकेएस से जुड़े कार्यों का समय पर निपटारा, ऑडिट आपत्तियों की पुनरावृत्ति रोकने और गूगल शीट को प्रतिदिन अपडेट करने पर जोर दिया गया।

मुख्यालय भेजी जाने वाली सूचनाओं और आंकड़ों की जांच के बाद ही उन्हें प्रेषित करने, खरीफ एवं रबी फसलों की ग्रेडिंग-पैकिंग समय पर पूरी करने तथा कार्यालयीन दस्तावेजों और पंजियों को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए।

अमानक बीज मिलने पर होगी कार्रवाई

बैठक में बीज की गुणवत्ता को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। अमानक बीज पाए जाने पर संबंधित संस्था की टेस्ट रिपोर्ट और दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मांग के आधार पर हो बीज का भंडारण

अध्यक्ष ने अनावश्यक बीज बचत से होने वाली वित्तीय क्षति को रोकने के लिए कृषि विभाग की मांग के अनुरूप बीज भंडारण करने को कहा। उन्होंने पूर्व वर्षों के आंकड़ों को आधार बनाकर आवश्यकता के अनुसार ही बीज का भंडारण करने के निर्देश दिए।

मैदानी समस्याओं के समाधान पर जोर

अध्यक्ष ने अधिकारियों को समीक्षा बैठकों में पूरी तैयारी के साथ शामिल होने और अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने को कहा। मैदानी स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्टर की टीएल बैठक और संबंधित विभागीय अधिकारियों से समन्वय करने के निर्देश दिए गए। समस्या का समाधान नहीं होने की स्थिति में मुख्यालय को लिखित रूप से अवगत कराने को कहा गया।

बैठक में प्रबंध संचालक सहित निगम मुख्यालय के अधिकारी-कर्मचारी और सभी बीज प्रबंधक मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *