छत्तीसगढ़ी भाषा और संस्कृति को मिलेगा नया मंच, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘सुरहुत्ती’ पत्रिका एवं ‘बछर’ पंचांग का किया विमोचन

रायपुर । छत्तीसगढ़ की भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा प्रकाशित छत्तीसगढ़ी पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ एवं छत्तीसगढ़ी पंचांग ‘बछर’ का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रकाशन से जुड़े साहित्यकारों, संपादकीय टीम और राजभाषा आयोग के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

छत्तीसगढ़ी हमारी सांस्कृतिक अस्मिता की पहचान : मुख्यमंत्री साय

विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ी केवल बोलचाल की भाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक अस्मिता और लोकजीवन की आत्मा है। हमारी लोककथाओं, लोकगीतों, तीज-त्योहारों और सामाजिक परंपराओं में छत्तीसगढ़ी भाषा की आत्मीयता और समृद्ध विरासत समाहित है।

उन्होंने कहा कि अपनी भाषा और संस्कृति का संरक्षण करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। इस विरासत को सहेजकर नई पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी रहें।

‘सुरहुत्ती’ और ‘बछर’ से साहित्य एवं परंपराओं को मिलेगी नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ प्रदेश के साहित्यकारों और रचनाकारों को अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी। इससे छत्तीसगढ़ी साहित्य को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय भाषा में लेखन की नई संभावनाएं विकसित होंगी।

वहीं छत्तीसगढ़ी पंचांग ‘बछर’ प्रदेश की पारंपरिक कालगणना, लोकपर्वों और सांस्कृतिक मान्यताओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों प्रकाशन छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करने के साथ प्रदेश की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाएंगे।

क्षेत्रीय भाषाओं और लोक परंपराओं के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की सभी क्षेत्रीय भाषाओं, बोलियों और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अपनी भाषा और संस्कृति से जुड़ाव ही समाज की वास्तविक पहचान को मजबूत बनाता है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि साहित्य और भाषा किसी भी समाज की सांस्कृतिक धरोहर होते हैं। इनके संरक्षण और प्रचार-प्रसार से समाज की परंपराएं जीवित रहती हैं और नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी रहती है।

गणमान्यजन रहे उपस्थित

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रभात मिश्रा, मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री कृष्णा दास, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी श्री आलोक सिंह, प्रबंध संपादक डॉ. अभिलाषा बेहार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ी पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ और पंचांग ‘बछर’ का विमोचन प्रदेश की भाषा एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे छत्तीसगढ़ी साहित्य, लोकपरंपराओं और क्षेत्रीय सांस्कृतिक पहचान को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *