रायपुर । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत रघुनाथनगर में आयोजित करमा महोत्सव के अवसर पर जिलेवासियों को 71 करोड़ 48 लाख रुपये के 694 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। इनमें 54 करोड़ 21 लाख रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास तथा 17 करोड़ 27 लाख रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और परंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। करमा महोत्सव लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। राज्य सरकार जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के साथ दूरस्थ क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्रवासियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन का निर्माण, रघुनाथनगर एवं बरतीकला में मंगल भवन तथा ग्राम पंचायत महेवा में विद्युत सब स्टेशन की स्थापना शामिल है। इसके अलावा प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर रकसगंडा को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने और वाड्रफनगर के अधूरे नगर वन पार्क का निर्माण कार्य पूरा कराने की भी घोषणा की गई।
लोकार्पित एवं भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में सड़क निर्माण, सात नल-जल योजनाएं, रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस यूनिट, 12 आंगनबाड़ी भवन, राजपुर में एसडीएम कार्यालय और चान्दो में तहसील कार्यालय भवन सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
किसानों को मिलेगी 13,839 रुपये प्रति एकड़ की सहायता राशि
मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। जिन किसानों ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान का विक्रय किया है, वे भी पूरी सहायता राशि के पात्र होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र भी शुरू किए गए हैं।
68 लाख से अधिक महिलाओं को मिल रहा महतारी वंदन योजना का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इससे महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती मिल रही है।
वृद्धजन क्लिनिक का शुभारंभ, बुजुर्गों को एक ही छत के नीचे मिलेंगी सुविधाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की अभिनव पहल ‘वृद्धजन क्लिनिक’ का शुभारंभ किया। इस क्लिनिक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग पंजीयन काउंटर, चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इसके साथ ही जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी, इन्फ्रारेड थेरेपी, मसाज चेयर और आयुष चिकित्सा पद्धति के अंतर्गत शिरोधारा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इससे बुजुर्गों को एक ही स्थान पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों को मिला लाभ
करमा महोत्सव के अवसर पर आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में कुल 7,259 लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ मिला। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ अंचलों में लोगों को उनके क्षेत्र में ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सराहनीय कार्य है। उन्होंने शिविर में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त किया।
कुपोषण दूर करने के लिए ‘बालभोग’ नवाचार
जिले में बच्चों के कुपोषण को दूर करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा ‘बालभोग’ नवाचार शुरू किया गया है। इसके तहत ग्रामीण महिलाएं रागी, सत्तू और श्रीअन्न से पौष्टिक लड्डू तैयार करती हैं। पोषण सखियां घर-घर जाकर कुपोषित बच्चों को अपने सामने पौष्टिक आहार खिलाती हैं और उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की प्रगति का नियमित रिकॉर्ड रखती हैं।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले में संचालित विकास कार्यों और विभिन्न नवाचारों की जानकारी दी। वहीं सरगुजा सांसद श्री चिंतामणी महाराज और प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते ने भी प्रदेश सरकार के विकास कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर पूर्व गृहमंत्री एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा, संभागायुक्त सरगुजा श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक झा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनि निकुंज सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में दोहराया कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास की योजनाओं को प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनजातीय अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।