नई दिल्ली/मुंबई। भारत दौरे पर आए बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बदलती व्यापार और टैरिफ नीतियों पर बिना नाम लिए तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि कुछ देश बेहद मनमाने तरीके से फैसले लेते हैं—सोमवार को कोई निर्णय लिया जाता है, बुधवार को उसे रद्द कर दिया जाता है और शनिवार को फिर वही फैसला लागू कर दिया जाता है।
मुंबई में भारत-बेल्जियम हाई-लेवल डायलॉग के दौरान डी वेवर ने बढ़ते संरक्षणवाद और बदलती टैरिफ नीतियों पर अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने खुले बाजार और मजबूत आर्थिक साझेदारी की जरूरत पर जोर देते हुए भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर भी चर्चा की।
पीएम मोदी की नेतृत्व क्षमता की तारीफ
बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से मिलना उनके लिए सम्मान की बात थी और वह उन्हें दुनिया के सबसे प्रेरणादायक नेताओं में से एक मानते हैं।
डी वेवर ने यह भी कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है, लेकिन यूरोप इस बदलाव के साथ कदम मिलाने में पीछे रह गया है। उन्होंने भारत के साथ आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
ट्रंप की नीतियों पर बिना नाम लिए निशाना
भारत दौरे के दौरान डी वेवर ने अमेरिकी व्यापार नीतियों में बार-बार होने वाले बदलावों को लेकर कटाक्ष किया। उन्होंने संकेत दिया कि लगातार बदलते फैसले वैश्विक व्यापार के लिए अनिश्चितता पैदा करते हैं।
बेल्जियम पीएम की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब भारत और यूरोपीय संघ के बीच व्यापार संबंधों को मजबूत करने और एफटीए वार्ता को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।