बोलीविया। दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया के वियाचा शहर स्थित एक सैन्य अड्डे में शुक्रवार को भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के कई घरों की खिड़कियों के शीशे तक टूट गए।
अधिकारियों के मुताबिक, धमाका स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:30 बजे उस परिसर में हुआ, जहां आतिशबाजी की सामग्री रखी गई थी। यह सैन्य अड्डा राजधानी ला पाज से करीब 30 किलोमीटर दूर बताया गया है। आग लगने की वजह का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और घटना की जांच जारी है।
कई लोग गंभीर रूप से घायल
स्वास्थ्य निदेशक रीटा नेब्रास्का के अनुसार, करीब 62 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से 14 घायलों को इलाज के लिए ला पाज के अस्पतालों में भेजा गया है। एक लड़की के थर्ड-डिग्री बर्न से गंभीर रूप से झुलसने की भी जानकारी दी गई है।
वहीं, रक्षा मंत्री अर्नेस्टो जस्टिनियानो ने बताया कि घायलों में 52 आम नागरिक शामिल हैं, जबकि बाकी सैन्यकर्मी हैं।
अभी भी बना हुआ है एक और धमाके का खतरा
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल पर गर्मी का स्रोत अभी भी मौजूद है, जिसके चलते एक और विस्फोट का खतरा बना हुआ है। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई है। फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों और सैन्य परिसर में रखी आतिशबाजी सामग्री से जुड़े सुरक्षा मानकों की जांच कर रहा है।