रायपुर। राजधानी रायपुर में शुष्क दिवस के आदेश का उल्लंघन कर बार से चोरी-छिपे शराब बेचने का मामला सामने आया है। मौदहापारा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बार संचालक को गिरफ्तार किया है, जबकि सुरक्षा गार्ड के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मौके से शराब की बोतल और नकदी बरामद की है।
मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है। शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शासन की ओर से शुष्क दिवस घोषित किया गया था। इसी दौरान रात करीब साढ़े 10 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गली नंबर-1, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब निकालकर बाहर बेची जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बार संचालक पलाश मल्होत्रा, उम्र 26 वर्ष, को पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक बोतल अंग्रेजी शराब और 2,300 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने शुष्क दिवस के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में संचालक के खिलाफ धारा 223 बीएनएस और धारा 34(1)(ब) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, सुरक्षा गार्ड की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उसके खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
लाइसेंस पर भी लटक रही कार्रवाई की तलवार
प्लैटिनम बार द्वारा शासन के शुष्क दिवस के आदेश और आबकारी लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन किए जाने को लेकर आबकारी विभाग को अलग से प्रतिवेदन भेजा जा रहा है। इसके आधार पर बार के लाइसेंस के निलंबन या निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।