अपराजिता महिला सहायता केंद्र बना नई उम्मीद की किरण, 35 महिलाओं का सफल पुनर्वास

रायपुर । मानसिक अस्वस्थता, निराश्रयता और सामाजिक उपेक्षा जैसी कठिन परिस्थितियों से जूझ रही महिलाओं के जीवन में नई उम्मीद जगाने का काम रायपुर का अपराजिता महिला सहायता केंद्र कर रहा है। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित यह केंद्र अब महिला संरक्षण, मानसिक स्वास्थ्य देखभाल और पुनर्वास के क्षेत्र में एक सशक्त मॉडल के रूप में उभर रहा है।

जुलाई 2025 से जुलाई 2026 के बीच केंद्र ने 35 महिलाओं का सफल पुनर्वास कर उन्हें उनके परिवारों से दोबारा मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जिन महिलाओं का तत्काल पारिवारिक पुनर्वास संभव नहीं हो सका, उन्हें नियमानुसार नारी निकेतन, रायपुर में सुरक्षित पुनर्वास प्रदान किया गया।

अपराजिता महिला सहायता केंद्र में महिलाओं को केवल आश्रय ही नहीं, बल्कि बेहतर जीवन की ओर लौटने के लिए आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सकीय उपचार, मनोवैज्ञानिक परामर्श, योग एवं प्राणायाम, कौशल विकास प्रशिक्षण और आत्मनिर्भरता से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

इन प्रयासों से महिलाएं मानसिक रूप से मजबूत हो रही हैं और आत्मविश्वास के साथ समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। केंद्र की पहल यह साबित कर रही है कि संवेदनशील देखभाल, समय पर उपचार और प्रभावी पुनर्वास से किसी भी व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

समाज कल्याण विभाग की यह पहल उन महिलाओं के लिए नई रोशनी लेकर आई है, जिनके जीवन में कभी निराशा और अनिश्चितता छाई हुई थी। आज ये महिलाएं सुरक्षित, सम्मानित और आत्मनिर्भर जीवन की ओर कदम बढ़ा रही हैं।

अपराजिता महिला सहायता केंद्र राज्य में महिला कल्याण और सामाजिक पुनर्वास के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *